विजय बहुगुणा
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो) । पौड़ी पुलिस द्वारा 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत गरिमामय, अनुशासित एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
आज दिनांक 26.01.2026 को पुलिस लाइन, पौड़ी में आयोजित 77वाँ गणतंत्र दिवस समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के उपरांत राष्ट्रगान के सामूहिक गायन के साथ उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारीगणों ने मातृभूमि के प्रति अपनी निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्यबोध को दृढ़ता से व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उपस्थित पुलिस बल को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए संविधान में निहित राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं सम्प्रभुता जैसे मूल मूल्यों की रक्षा हेतु सदैव सजग, सतर्क एवं प्रतिबद्ध रहने हेतु प्रेरित किया। साथ ही पुलिस बल को संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा, कर्तव्यपरायणता तथा कानून के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं प्रभावी पालन की शपथ भी दिलाई।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक, कोटद्वार श्री चन्द्रमोहन सिंह द्वारा कोतवाली कोटद्वार में, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) श्री अनूप काला द्वारा गढ़वाल परिक्षेत्रीय कार्यालय में तथा पुलिस उपाधीक्षक सदर श्री तुषार बोरा द्वारा पुलिस कार्यालय, पौड़ी में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता, अखण्डता एवं संविधान की मर्यादा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। साथ ही जनपद के समस्त थाना परिसरों, कार्यालयों एवं पुलिस इकाइयों में भी गणतंत्र दिवस का आयोजन पूर्ण गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ मनाया गया।