विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । पांच वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस बार श्रीनगर का गोला बाजार एक बार फिर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति की भावना से सराबोर नजर आया। नगर निगम श्रीनगर के तत्वावधान में आयोजित हुए इस विशेष कार्यक्रम ने नगरवासियों में नया उत्साह और गर्व का संचार किया।
नगर निगम की मेयर आरती भंडारी ने गोला बाजार में ध्वजारोहण कर कार्यक्रम की शुरुआत की। तिरंगा लहराते ही “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। इसके उपरांत स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य स्कूली परेड का आयोजन किया गया, जिसमें मेयर ने सलामी ली।
इसके बाद निकली झांकियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया। बच्चों ने स्वतंत्रता संग्राम, भारतीय संस्कृति और सेना के बलिदान को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। हर प्रस्तुति पर दर्शकों की तालियों की गूंज से माहौल और भी जोशीला हो गया। साथ ही बच्चों ने झांकी के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और पूर्व सैनिकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस दौरान 1965 और 1971 की लड़ाइयों में वीरता का प्रदर्शन करने वाले प्रेम सिंह पटवाल और मुंशी राम उनियाल को मेयर द्वारा स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को भी श्रद्धांजलि स्वरूप सम्मानित किया गया। सम्मानित परिजनों में शामिल रहे:
- गुमान सिंह, पुत्र रणजीत सिंह, ग्राम – देवल
- गजेन्द्र सिंह, पुत्र पदम सिंह, ग्राम – कोटी
- आनंद सिंह, पुत्र गजे तिहे, ग्राम – नयालगढ़
- सुशीला देवी, पत्नी गोविन्द सिंह श्रीनगर गढ़वाल
नगर निगम द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल बच्चों के लिए एक प्रेरणा बना, बल्कि नगर के नागरिकों को भी देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों की याद दिला गया।