विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुँचे लोगों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएँ रखीं। जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान पूर्व के जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी गहन समीक्षा की गई।
दो साल पुराने मुआवजे पर वन विभाग को लगाई फटकारजनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने दो साल पुराने एक पशुक्षति के मामले में अब तक मुआवजा न मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने वन विभाग को तत्काल प्रकरण का निस्तारण कर प्रभावित को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि दस्तावेज विभागीय स्तर पर खोए हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।
पेयजल, सीवेज और सड़क से जुड़ी समस्याओं पर त्वरित एक्शनबीजीआर परिसर: निर्माण कार्य के दौरान पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने से दो दिन से बाधित जलापूर्ति पर डीएम ने जल संस्थान को तत्काल समन्वय बनाकर आज ही लाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
कोटद्वार: खोह नदी के समीप पुश्ता ढहने की शिकायत पर तुरंत कार्य शुरू करने और झूल रहे टेलीफोन के तारों को ठीक करने के निर्देश दिए गए।
खोला गाँव: स्थानीय स्तर पर लाइनमैन की अनुपलब्धता की शिकायत पर तुरंत कर्मचारी तैनात करने और संपर्क व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।पूर्व शिकायतों की मॉनिटरिंग: जनता दर्शन की पहल के तहत समस्त कांडई गाँव में सीवेज रिसाव मामले में नगर पालिका अधिनियम के तहत नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा यमकेश्वर के गुमालगांव में वन्यजीवों के आतंक पर वन विभाग द्वारा पिंजरा लगाकर गुलदार व लंगूर को पकड़े जाने जैसी कार्रवाइयों की समीक्षा की गई।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, लोनिवि से रीना नेगी सहित विभिन्न विभागों के तमाम जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।