विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
पौड़ी गढ़वाल। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर एक विशेष गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के पत्रकारों और वक्ताओं ने वर्तमान दौर में पत्रकारिता की चुनौतियों, खबरों की प्रस्तुति के तौर-तरीकों और समाज के प्रति पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर खुलकर अपने विचार साझा किए। गोष्ठी में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि पत्रकारिता में तथ्यों की प्रामाणिकता, निष्पक्षता और जनहित हमेशा सर्वोपरि होना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा ने कहा कि आज के समय में खबरों को सनसनीखेज बनाने के लिए कई बार भ्रामक और बढ़ा-चढ़ाकर शीर्षक (हेडिंग) दिए जा रहे हैं, जबकि शीर्षक हमेशा खबर की वास्तविकता और गंभीरता के अनुरूप ही होना चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार त्रिभुवन उनियाल ने रेखांकित किया कि पत्रकारिता की मूल ताकत उसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता में है। किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले पूरी तरह तथ्यों की पुष्टि की जानी चाहिए।इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकार कुलदीप बिष्ट ने सुझाव दिया कि पत्रकारों का काम केवल दफ्तर तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को नजदीक से समझना और सामाजिक सरोकारों से जुड़ना चाहिए।जिला सूचना अधिकारी ने की तथ्यात्मक पुष्टि की अपीलजिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस को पत्रकारिता के मूल्यों और स्वतंत्रता पर आत्ममंथन का अवसर बताया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेज गति से होता है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है। खबरों को सनसनीखेज बनाने की होड़ के बजाय उनकी वास्तविकता और जनहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। केवल निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही मीडिया के प्रति जनता का विश्वास अटूट रह सकता है।ये गणमान्य पत्रकार रहे मौजूदकार्यक्रम के दौरान अजय रावत, बी.पी. बलोदी, मनोहर बिष्ट, जगमोहन डांगी, जसपाल नेगी, मुकेश आर्या, सिद्धांत उनियाल, प्रदीप नेगी, गणेश नेगी, मुकेश बछेती, पंकज रावत, दीपक बड़थ्वाल, करन नेगी, महेंद्र नेगी, अंकित उनियाल, गब्बर भंडारी, भगवान सिंह, विजय बहुगुणा, दीपक नौडियाल, जगत किशोर बड़थ्वाल, विजेंद्र नेगी और प्रदीप बंसल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।