विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र में विकास, जनसुविधाओं और महिला सशक्तीकरण की दिशा में शनिवार का दिन कई बड़ी सौगातें लेकर आया। महापौर आरती भंडारी की पहल और प्रयासों से शहर को करीब 9.35 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात मिली, वहीं नौ साल से बंद पड़ी सिटी बस सेवा भी एक बार फिर पटरी पर लौट आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 30 सीटर सिटी बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसका नाम ‘श्रीनगर दर्शन’ रखा गया है।
महापौर का वादा पूरा: नौ साल बाद लौटी सिटी बस सेवामहापौर आरती भंडारी ने पदभार ग्रहण करने के बाद जनता से सबसे पहले शहर में सिटी बस सेवा शुरू कराने का वादा किया था। वर्ष 2017 के बाद से शहर में सिटी बस का संचालन बंद था, जिससे आम लोग परेशान थे। महापौर की पहल पर अनटाइड फंड से लगभग 22 लाख 48 हजार 514 रुपये की लागत से यह 30 सीटर बस उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने बस को हरी झंडी दिखाने के साथ उसकी चाबी महापौर आरती भंडारी को सौंपी।
रूट और समय: ‘श्रीनगर दर्शन’ नाम से संचालित होने वाली यह बस धारी देवी से कलियासौड़ होते हुए कीर्तिनगर पुल तक चलेगी। सर्दियों में सुबह आठ से रात आठ बजे और गर्मियों में सुबह सात से रात आठ बजे तक इसका संचालन होगा।
किराया और स्टॉप: न्यूनतम किराया निर्धारित होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा, व्यापारियों और आम नागरिकों को किफायती सफर मिलेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर बस स्टॉप भी बनाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम क्षेत्र में लगभग 9.35 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं:ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं निस्तारण सुविधास्वर्गीय रणजीत सिंह भंडारी वाटिका (रेन वॉटर हार्वेस्टिंग पार्क)सड़क एवं नाली निर्माण, लक्ष्मीनारायण पार्क व अन्य पार्कों का सौंदर्यीकरणपर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के लिए नवनिर्मित ईवी चार्जिंग स्टेशन का लोकार्पण।
महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण मित्रों का सम्मान’सशक्त बहना, सशक्त उत्तराखंड’ कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को 2 लाख 1 हजार 530 रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक प्रदान किए। इसके साथ ही, नगर निगम में स्वच्छता कार्यों से जुड़ी 51 पर्यावरण मित्र महिलाओं को हेल्थ एवं हाइजीन किट वितरित की गईं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का एक अलग और सहज अंदाज भी देखने को मिला, जब वे प्रोटोकॉल तोड़कर बच्चों के बीच पहुँचे। जूनियर दिल्ली स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा उन्हें डीक्राफ्ट भेंट किया गया, जिससे पूरा माहौल आत्मीय बन गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, महापौर आरती भंडारी, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित तमाम जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।