अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो)। प्रदेश के लोक निर्माण, पर्यटन एवं सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित नंदा की चौकी (टौंस नदी) पुल के पुनर्निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर सभी बचे हुए कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण के अवसर पर मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि नंदा की चौकी पुल का लगभग 95 प्रतिशत पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर इस पुल को आम जनता के लिए पूरी तरह से खोल दिया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को आवाजाही में बड़ी राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि पिछले दिनों आई विनाशकारी बाढ़ के कारण इस महत्वपूर्ण पुल परियोजना का कार्य रुक गया था। अब इस परियोजना का पुनर्निर्माण लगभग 16 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से लोक निर्माण विभाग (PWD) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
मंत्री सतपाल महाराज ने पुल की मजबूती और सुरक्षात्मक पहलुओं की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार निर्माण कार्य में पारंपरिक ओपन फाउंडेशन के बजाय अत्यधिक सुरक्षित और आधुनिक ‘वेल फाउंडेशन’ (Well Foundation) तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, ताकि भविष्य में बाढ़ जैसी आपदाओं से पुल पूरी तरह सुरक्षित रहे।
इसके साथ ही नदी के दोनों तरफ आरसीसी (RCC) सुरक्षा दीवार का निर्माण कार्य भी तेजी से करवाया जा रहा है और पुल के अन्य तीन पुराने पिलरों का भी सुदृढ़ीकरण व सुरक्षात्मक कार्य कराया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री के इस औचक निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रणजीत सिंह और ओमपाल सहित विभागीय अधिकारी और निर्माणदायी एजेंसी के प्रतिनिधि मौके पर उपस्थित रहे। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।