विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर में “शिक्षा से उपचार तक: श्रीनगर मेडिकल कॉलेज की जन सेवा यात्रा” विषय पर एक भव्य मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीनगर के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकारों ने प्रतिभाग कर मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा पर अपने विचार साझा किए और संस्थान को और अधिक सशक्त एवं जनोपयोगी बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने पत्रकारों द्वारा दिए गए सुझावों को मेडिकल शिक्षा और चिकित्सा सेवाओं के दृष्टिकोण से अत्यंत उपयोगी बताते हुए उन पर गंभीरता से कार्य करने का भरोसा दिलाया। वहीं उपस्थित पत्रकारों ने संवाद की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत, आचार्य डॉ. बीएन अंथवाल तथा मीडिया जगत के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना काल से लेकर वर्तमान समय तक की उपलब्धियों को विभागवार विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने बेस चिकित्सालय की सेवाओं, बढ़ती सुविधाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, आधुनिक उपकरणों की स्थापना और शैक्षणिक गतिविधियों में हुए विस्तार की जानकारी साझा की।
उन्होंने भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित करने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं।
प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने कहा कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि जनसेवा का एक सशक्त माध्यम है। हमारा उद्देश्य है कि यहां आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और संवेदनशील चिकित्सा सेवा मिले। प्रदेश के माननीय चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत जी के अथक प्रयासों से मेडिकल कॉलेज निरंतर सुविधाओं से सुसज्जित हो रहा है, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है।
हम मीडिया को चौथे स्तंभ के रूप में सम्मान देते हैं। आपके सुझाव हमें संस्थान को और बेहतर बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से हम पारदर्शिता और सहयोग की भावना को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। वित्त नियंत्रक प्रशांत कुमार शर्मा ने कहा कि मीडिया द्वारा दिए गए सकारात्मक सुझाव संस्थान के विकास में सहायक सिद्ध होंगे। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और डॉक्टरों व कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने में मीडिया की भूमिका की सराहना की। पूर्व एमएस डॉ. अजेय विक्रम सिंह ने मीडिया और प्रशासन के बीच सतत संवाद को और सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर बल दिया।
वरिष्ठ पत्रकार डॉ. श्रीकृष्ण उनियाल ने मेडिकल कॉलेज की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज मेडिकल कॉलेज नई ऊंचाइयों को छू रहा है और प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना के नेतृत्व में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों से आग्रह किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज के साथ संवेदनशील और बेहतर व्यवहार सुनिश्चित किया जाए, जिससे मरीजों का इलाज के प्रति विश्वास और मजबूत हो। पत्रकार अंकित चन्द्र भट्ट ने अस्पताल की मशीनरी एवं व्यवस्थाओं को निरंतर अपडेट रखने का सुझाव दिया ताकि मरीजों को तकनीकी कारणों से अन्यत्र न जाना पड़े। पत्रकार देवेन्द्र गौड़ ने एमबीबीएस, पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कोर्सों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यशालाएं आयोजित करने का सुझाव दिया। आचार्य डॉ. बीएन अंथवाल ने मेडिकल कॉलेज की प्रगति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संस्थान को और उन्नत बनाने हेतु अपने सुझाव साझा किए। इस अवसर पर पत्रकार धनवीर बिष्ट, गोपी मैठानी, गब्बर सिंह भंडारी, कमल पिमोली, कार्तिक बहुगुणा, प्रेस नोडल मेडिकल कॉलेज मनमोहन सिंधवाल सहित समस्त संकाय सदस्य, इंटर्न, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
मीडिया संवाद कार्यक्रम ने यह स्पष्ट किया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर शिक्षा और उपचार दोनों क्षेत्रों में निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। प्रशासन और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद से न केवल पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि जनसेवा के उद्देश्य को भी नई मजबूती मिलेगी।