विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर की चिकित्सकों ने ऑल इंडिया ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी कॉन्फ्रेंस 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन किया है।
कॉलेज की डा. पूजा (पीजी जूनियर–2) ने सम्मेलन में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ पेपर प्रस्तुति पुरस्कार भी अपने नाम किया। उनके शोध और प्रस्तुति को देशभर से आए विशेषज्ञों द्वारा विशेष रूप से सराहा गया।
वहीं, डा. शिवानी (जूनियर रेज़िडेंट) ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति के दम पर ई-पोस्टर श्रेणी में द्वितीय स्थान हासिल किया। उनकी उपलब्धि को भी अकादमिक उत्कृष्टता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने दोनों चिकित्सकों को उनकी सफलता पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल संबंधित चिकित्सकों की मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि इससे कॉलेज की शैक्षणिक और शोध क्षमता भी राष्ट्रीय स्तर पर सशक्त रूप से प्रदर्शित हुई है।
कॉलेज प्रशासन, संकाय सदस्यों और छात्रों ने भी दोनों चिकित्सकों की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।