विजय बहुगुणा
पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो) । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड खिर्सू की न्याय पंचायत चमराड़ा में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
शिविर में कुल 512 लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान 31 शिकायतें दर्ज की गयीं, जबकि 137 लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर की अध्यक्षता करते हुए अपर सचिव गिरधारी सिंह रावत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि ऐसे बहुउद्देशीय शिविर दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं, क्योंकि इससे लोगों को जिला मुख्यालय या ब्लॉक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और सेवाएं गांव स्तर पर ही उपलब्ध हो रही हैं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, बाल विकास विभाग, वन विभाग, राजस्व विभाग, आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि, उद्यान, एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों के आवेदन मौके पर ही स्वीकृत किए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, नोडल अधिकारी शिविर एवं परियोजना अधिकारी उरेडा सी. पी. उपाध्याय, तहसीलदार दीपक भंडारी, खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण सहित अन्य अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।