विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल द्वारा कूष्माण्डा देवी मंदिर समिति के सहयोग से रुद्रप्रयाग जिले के कुमड़ी गांव में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में ग्राम सभा कुमड़ी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए 200 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण व चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की पहल पर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को अपने घर के समीप ही बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसी क्रम में कुमड़ी गांव में आयोजित इस शिविर में मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा विभिन्न रोगों की जांच की गई।
स्वास्थ्य शिविर में सामान्य चिकित्सा, नेत्र परीक्षण, अस्थि रोग, मानसिक रोग, त्वचा रोग सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित कीं तथा उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। शिविर में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़ ने इस पहल की उपयोगिता को स्पष्ट रूप से दर्शाया।
कैंप संयोजक डॉ सुरेन्द्र सिंह नेगी ने कैंप आयोजन हेतु चिकित्सा अधीक्षक डॉ राकेश रावत द्वारा सहयोग करने पर आभार जताया गया। स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पाकर ग्रामीणों ने राज्य सरकार, मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया और इस जनकल्याणकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसे स्वास्थ्य शिविर भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत, डॉ. अशोक शर्मा, डॉ. सुरेन्द्र सिंह, डॉ. विवेक यादव, डॉ. शिवी चौधरी, डॉ. गार्गी शर्मा सहित अन्य चिकित्सकों एवं ओम नौटियाल, केशव भट्ट, प्रत्यक्ष, वार्तिका, रोशनी, साहिल, सोनाली आदि ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
इस पुनीत कार्य का श्रेय ग्राम कुमड़ी निवासी दीनदयाल रावत एवं कूष्माण्डा देवी मंदिर समिति को दिया गया, जिनके सहयोग से शिविर का सफल आयोजन संभव हो पाया। मंदिर समिति ने भविष्य में भी इस प्रकार की लोककल्याणकारी सेवाओं को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।