विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। शहर की स्वच्छता और नालों के प्रबंधन को लेकर महापौर आरती भंडारी बेहद गंभीर नजर आ रही हैं। गुरुवार को महापौर ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ नर्सरी रोड से आने वाले मुख्य नाले का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाले में कूड़ा फंसने और जलभराव की समस्या के स्थाई समाधान के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नाले की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि नाले के मुख्य स्थानों पर विशेष लोहे के जाल (Grills) लगाए जाएं। इन जालों के लगने से प्लास्टिक की बोतलें, पॉलिथीन और अन्य ठोस कूड़ा नाले के भीतर आगे नहीं जा पाएगा। कूड़ा एक ही जगह एकत्रित होने से सफाई कर्मचारी उसे आसानी से निकाल सकेंगे, जिससे नाला चोक होने की समस्या खत्म होगी।
मौके पर अधिकारियों की मौजूदगी स्थलीय निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर निगम के पवन कोठियाल अधिशासी अभियंता, शशि पंवार मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक सहित अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने स्पष्ट किया कि मानसून से पहले शहर के सभी प्रमुख नालों की व्यवस्था दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता है।