महापौर आरती भंडारी नगर निगम निरीक्षण करते हुए
विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । नगर निगम की कार्यप्रणाली को पटरी पर लाने के लिए महापौर आरती भंडारी पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई हैं। गुरुवार को महापौर ने अचानक नगर निगम कार्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया, जिससे कार्यालय में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान समय से दफ्तर न पहुंचने वाले और काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान महापौर आरती भंडारी ने सबसे पहले उपस्थिति पंजिका (Attendance Register) की जांच की। जांच में पाया गया कि कई कर्मचारी और अधिकारी निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी अपनी कुर्सी पर मौजूद नहीं थे। महापौर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों की प्रविष्टि रजिस्टर में दर्ज करवाई और स्पष्ट निर्देश दिए कि समय की पाबंदी में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि नगर निगम जनता की सेवा के लिए है, न कि आराम फरमाने के लिए।
”नगर निगम जनता की सेवा का केंद्र है। यहां किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी-कर्मचारी समय का पालन करें और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें।”
श्रीनगर के विकास और जनहित के कार्यों में पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से महापौर ने साफ कर दिया है कि यह महज एक शुरुआत है। आगे भविष्य में भी जारी रहेंगे औचक निरीक्षण, अनुशासन बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण भविष्य में भी जारी रहेंगे।