विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । रेनबो पब्लिक स्कूल, चौरास में आयोजित “स्वास्थ्य जागरूकता सप्ताह” के अंतर्गत आज एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मेडिकल कॉलेज, श्रीनगर की नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन (NMO) इकाई द्वारा आयोजित किया गया, जो वीसीएसजी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ आशुतोष सयाना के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा उनियाल की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ अमन भारद्वाज ने छात्रों को संबोधित किया। उनके साथ डॉ सुबिन भी उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से सहायक प्रबंधक श्री रिधीश उनियाल द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
यह कार्यक्रम डॉ कैलाश गैरोला (अध्यक्ष, NMO) एवं डॉ सुरेन्द्र सिंह नेगी (संगठन सचिव) के सहयोग एवं समर्थन से आयोजित किया गया।
अपने प्रेरणादायक एवं प्रभावशाली संबोधन में डॉ. अमन भारद्वाज ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद, मोबाइल के सीमित उपयोग तथा मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर विशेष बल दिया। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहने का संदेश दिया। उनका संबोधन अत्यंत सरल, रोचक एवं व्यवहारिक था, जिससे विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न हुई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया। विद्यालय प्रशासन एवं आयोजकों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
अंत में, विद्यालय परिवार द्वारा नेशनल मेडिकोज़ ऑर्गेनाइजेशन एवं मेडिकल कॉलेज की टीम का आभार व्यक्त किया गया।