पौड़ी गढ़वाल(ब्यूरो)। सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी की पौड़ी रेंज द्वारा प्रभाग दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वन पंचायत स्तर से वन पंचायत सरपंचों एवं उनके सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी पवन नेगी ने वर्तमान समय में बढ़ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं पर चिंता जताते हुए उनकी रोकथाम एवं आवश्यक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी।
उन्होंने कहा कि वन पंचायतों की सक्रिय भूमिका से इन घटनाओं को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है। इसके साथ ही आगामी वन अग्नि सुरक्षा को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई। प्रभागीय वनाधिकारी ने वनाग्नि की रोकथाम हेतु वन पंचायत स्तर पर विभाग के साथ समन्वय और सहयोग की अपील की।बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती राखी जुयाल, वन क्षेत्राधिकारी पौड़ी रेंज भूपेंद्र सिंह रावत, अनुभाग अधिकारी अरविंद रावत, वन बीट अधिकारी नरोत्तम प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।