विजय बहुगुणा
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो) । शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से नगर निगम श्रीनगर द्वारा निगम कार्यालय में एक अति आवश्यक बैठक आहूत की गई। बैठक में शहर के प्रमुख मार्गों नर्सरी रोड, बहुगुणा मार्ग, तिवाड़ी मोहल्ला एवं पौड़ी रोड पर अनावश्यक रूप से खड़े वाहनों की समस्या पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मार्गों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाकर निगम द्वारा निर्मित पार्किंग स्थलों में ही वाहन खड़े किए जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई वाहन इन सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से खड़ा पाया गया तो उसके विरुद्ध चलानी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बैठक में आरती भंडारी (महापौर, नगर निगम श्रीनगर गढ़वाल), नगर आयुक्त श्रीमती नुपुर वर्मा, तहसीलदार दीपक भंडारी, अपर उपनिरीक्षक यातायात अनिल रावत तथा सहायक नगर आयुक्त रविराज बंगारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, पार्षद पंकज सती, प्रवेश चमोली, राजकुमार उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने समन्वय बनाकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।
नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें, ताकि मुख्य मार्गों पर यातायात बाधित न हो और आमजन को सुविधा मिल सके।
महापौर आरती भंडारी ने कहा,
“श्रीनगर शहर को सुव्यवस्थित और जाममुक्त बनाना हमारी प्राथमिकता है। सड़क किनारे अनावश्यक रूप से खड़े वाहन यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ाते हैं। निगम द्वारा पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है, इसलिए सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे सहयोग करें और अपने वाहन केवल पार्किंग में ही खड़े करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने में आप सभी का सहयोग अपेक्षित है।”