अजय, सत्य की गूंज
देहरादून(ब्यूरो) । विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 को लेकर उत्तराखंड सरकार ने अपनी तैयारियां चाक-चौबंद कर ली हैं। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व और लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने भरोसा दिलाया है कि इस वर्ष की यात्रा श्रद्धालुओं के लिए पहले से अधिक सुलभ और सुरक्षित होगी। सरकार का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक यात्री को ‘सुगम, सुखद एवं सुरक्षित’ अनुभव प्रदान करना है।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि सभी विभाग एकजुट, सुविधाओं पर विशेष फोकस करने को कहा साथ ही बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को निर्बाध बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, पर्यटन और लोक निर्माण विभाग (PWD) आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए मुख्य पड़ावों पर आवास और भोजन पर्याप्त विश्राम स्थलों और साफ-सुथरे भोजनालयों का प्रबंध किया गया है।
सड़कों की मरम्मत के साथ अतिरिक्त बस सेवाओं और बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट की व्यवस्था की गई है और स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक धाम और यात्रा मार्ग पर मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस और ऑक्सीजन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
मंत्री महाराज ने चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ऑनलाइन पंजीकरण (Registration) अवश्य करवाएं। उन्होंने यात्रियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और हिमालयी क्षेत्र की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने का भी आह्वान किया। सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा मार्ग पर आपातकालीन रेस्क्यू टीमें मुस्तैद रहेंगी। इसके साथ ही निरंतर बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, मोबाइल कनेक्टिविटी और शौचालयों की व्यवस्था को लेकर भी कड़े निर्देश दिए गए हैं।