सत्य की गूंज
रुद्रप्रयाग(ब्यूरो)। जनपद के कद्दावर नेता और रुद्रप्रयाग विधानसभा से विधायक श्री भरत सिंह चौधरी के कैबिनेट मंत्री बनने के बाद प्रथम बार जनपद आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने पलक-पावड़े बिछा दिए। खांकरा से लेकर जिला मुख्यालय तक जगह-जगह ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।
शनिवार को जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही खांकरा, नरकोटा और बाईपास पर कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। इसके बाद जिला मुख्यालय स्थित भाजपा कार्यालय और उनके निजी आवास पर भी लोगों ने उन्हें मालाओं से लाद दिया। भाजपा कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने गगनभेदी नारों के साथ अपने नेता का स्वागत किया।
40 वर्षों के संघर्ष का मिला फल: भरत सिंह चौधरी
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी भावुक नजर आए।
उन्होंने कहा “मेरे 25 वर्षों के सक्रिय संघर्ष और 40 वर्षों के राजनीतिक जीवन के बाद शीर्ष नेतृत्व ने मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी है। यह पद मेरा नहीं, बल्कि पूरे जनपद की जनता का है। पहली बार किसी स्थानीय व्यक्ति को कैबिनेट में स्थान मिलना सौभाग्य की बात है।”
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को समृद्ध बनाने का संकल्प पूरा किया जाएगा।
2027 के चुनाव पर टिकी नजरें
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि भरत सिंह चौधरी का मंत्री बनना जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता पूरी ताकत झोंक देंगे और जिले की दोनों सीटों पर भाजपा का परचम लहराएंगे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री अरुण चमोली ने किया और समापन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठेत द्वारा किया गया। इस भव्य स्वागत समारोह में मुख्य रूप से:
भारत भूषण भट्ट (जिलाध्यक्ष)
विजय कप्रवाण (उपाध्यक्ष, बीकेटीसी)
ऐश्वर्या रावत (उपाध्यक्ष, राज्य महिला आयोग)
रितु नेगी (उपाध्यक्ष, जिला पंचायत)
वाचस्पति सेमवाल व अमरदेई शाह (पूर्व अध्यक्ष, जिला पंचायत)
सतेन्द्र बर्त्वाल (जिला मीडिया प्रभारी) सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष, युवा मोर्चा के पदाधिकारी और भारी संख्या में आम जनता उपस्थित रही।