विजय बहुगुणा
देवप्रयाग(ब्यूरो) । देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विधायक विनोद कंडारी के कुशल, सक्रिय और जनोन्मुखी नेतृत्व ने क्षेत्रीय राजनीति को नई दिशा दी है। उनके अथक प्रयासों, विकास के प्रति प्रतिबद्धता और जनभावनाओं के प्रति संवेदनशीलता के कारण आज देवप्रयाग में राजनीतिक परिदृश्य तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है।
विधायक कंडारी के नेतृत्व में क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को नई गति मिली है। यही कारण है कि आमजन का विश्वास निरंतर उनके साथ जुड़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विधायक कंडारी न केवल जनप्रतिनिधि के रूप में बल्कि एक संरक्षक के रूप में भी क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रेरित होकर तथा विधायक कंडारी की कार्यशैली से प्रभावित होकर आज देवप्रयाग नगर एवं ग्रामीण क्षेत्र के सजवाण कांडा से प्रधान गंभीर सिंह, तुगनी की प्रधान लक्ष्मी देवी, बागी के प्रधान नरेश मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने सभी नवसदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र के विकास और जनकल्याण के लिए सभी मिलकर एकजुट होकर कार्य करेंगे।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख देवप्रयाग विनोद बिष्ट, नगर पालिका परिषद देवप्रयाग की अध्यक्ष ममता देवी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उत्साह और जनसमर्थन यह दर्शाता है कि देवप्रयाग में भाजपा का जनाधार निरंतर सशक्त हो रहा है तथा विधायक विनोद कंडारी का नेतृत्व क्षेत्र की जनता के विश्वास का केंद्र बन चुका है।