विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के बहुप्रतीक्षित बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी को लेकर नगर निगम ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। आगामी 23 नवंबर से शुरू होने वाले इस दस दिवसीय मेले को लेकर आवास विकास मैदान में युद्धस्तर पर काम शुरू हो गया है, जहाँ मेला स्थल पर टेंट लगाने के साथ ही झूले-चरखी स्थापित करने का कार्य आरंभ हो गया है।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और आगंतुकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर आरती भंडारी ने मंगलवार को मेला स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान में चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित ठेकेदारों और नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि मेले में आने वाले स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और दूर-दराज से पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएँ समय रहते पूरी गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए।
महापौर ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का एक अहम हिस्सा है। इसे एक बेहतर और व्यवस्थित स्वरूप देना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैदान में तैयारियों के शुरू होने के साथ ही अब शहर में मेले की रौनक और उत्साह साफ दिखाई देने लगा है।
इस दौरान नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक शशि पंवार, कनिष्ठ अभियंता सूरज, विभिन्न पार्षदगण सहित नगर निगम के तमाम अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक चलने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर लोगों में भारी उत्सुकता है।