विजय बहुगुणा /सत्य की गूंज ब्यूरो
श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर के ऐतिहासिक बैकुंठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को इस बार और अधिक सुगम, आधुनिक और तकनीक के अनुकूल बनाने के लिए नगर निगम ने एक अनूठी डिजिटल पहल की है। आगामी 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए नगर निगम की ओर से एक विशेष QR कोड लॉन्च किया गया है, जिसे स्कैन करते ही मेले की संपूर्ण जानकारी एक क्लिक पर मोबाइल पर मिल जाएगी।
महापौर आरती भंडारी ने QR कोड स्कैनर का शुभारंभ करते हुए बताया कि इस डिजिटल सुविधा के माध्यम से आगंतुकों को निम्नलिखित लाभ मिलेंगे:
सटीक गूगल लोकेशन: बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मेला स्थल तक पहुँचने में कोई असुविधा नहीं होगी, वे सीधे मोबाइल से लोकेशन प्राप्त कर सकेंगे।कार्यक्रमों की समय-सारणी: मेले के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं और उनकी तिथियों की पूरी सूची मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध होगी।
इससे लोग अपनी सुविधानुसार कार्यक्रमों की जानकारी पहले ही प्राप्त कर मेले में शामिल हो सकेंगे।पारंपरिक मेले को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की पहलमहापौर आरती भंडारी ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान का सबसे बड़ा केंद्र है, जहाँ देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुँचते हैं। सभी को समय पर और आसानी से हर जानकारी उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से पारंपरिक मेले की गरिमा को बरकरार रखते हुए इसे डिजिटल तकनीक से जोड़ा गया है।
QR कोड लॉन्चिंग के इस अवसर पर नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट तथा निगम के पार्षदगण नरेंद्र रावत, विजय चमोली, धर्म सिंह रावत, राजकुमार और अनुराग चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।