विजय बहुगुणा, सत्य की गूंज
श्रीनगर गढ़वाल(ब्यूरो)। बेस अस्पताल श्रीनगर में बुधवार को आयोजित विशेष कार्डियोलॉजी ओपीडी में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप मालविया द्वारा मरीजों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। बारिश के मौसम के बावजूद ओपीडी में मरीजों की अच्छी खासी उपस्थिति देखने को मिली, जो इस बात का संकेत है कि क्षेत्र में हृदय रोग संबंधी समस्याओं के प्रति लोगों की जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
इस विशेष ओपीडी में कुल 45 मरीजों की जांच की गई, जिनमें हृदय संबंधी विभिन्न बीमारियों से पीड़ित मरीज शामिल रहे। जांच के दौरान डॉ. मालविया ने 15 मरीजों का इकोकार्डियोग्राफी (ईको) परीक्षण किया, जिससे हृदय की कार्यप्रणाली का विस्तृत आकलन किया गया। इसके अलावा 20 से अधिक मरीजों का ईसीजी (इलेक्ट्रोकार्डियोग्राम) टेस्ट किया गया, जिससे हृदय की धड़कन और उसकी विद्युत गतिविधियों की स्थिति का पता लगाया गया।
डॉ. संदीप मालविया ने बताया कि आजकल अनियमित जीवनशैली, तनाव, असंतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियों की कमी के कारण हृदय रोगों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने मरीजों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, रोजाना व्यायाम करने और चिकित्सक द्वारा दी गई दवाओं का समय पर सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने यह भी कहा कि समय रहते हृदय रोगों की पहचान और उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है।इस प्रकार की विशेषज्ञ ओपीडी के आयोजन से क्षेत्रीय मरीजों को काफी लाभ मिल रहा है। अब उन्हें छोटी-छोटी जांच और परामर्श के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ता, जिससे समय और धन दोनों की बचत हो रही है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया ।